मनोरंजन
Elvish Yadav: सुबह-सुबह गोलियों की गूंज से दहला गुरुग्राम! तीन बाइक सवारों ने एल्विश यादव के घर पर चलाई 25 से ज्यादा गोलियां
बिग बॉस ओटीटी 2 के विनर और यूट्यूबर Elvish Yadav के गुरुग्राम स्थित घर पर तड़के सुबह बदमाशों ने हमला कर दिया। बाइक पर सवार तीन अज्ञात हमलावरों ने घर पर ताबड़तोड़ गोलियां चलाईं और मौके से फरार हो गए। इस वारदात से इलाके में हड़कंप मच गया।
हमले के वक्त घर पर नहीं थे एल्विश
घटना रविवार सुबह करीब 5 से 6 बजे के बीच हुई। उस समय घर पर एल्विश यादव मौजूद नहीं थे क्योंकि वे इन दिनों विदेश में हैं। घर पर सिर्फ उनकी मां और केयरटेकर थे। गोलीबारी घर के ग्राउंड और फर्स्ट फ्लोर पर की गई। हालांकि इस घटना में किसी के घायल होने की खबर नहीं है।
https://twitter.com/i/status/1956929764960178560
पुलिस की जांच और सबूत जुटाना शुरू
फायरिंग की सूचना मिलते ही गुरुग्राम पुलिस मौके पर पहुंची। वरिष्ठ अधिकारियों ने घटनास्थल का जायजा लिया। फॉरेंसिक टीमों को भी बुलाया गया और सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस ने कहा है कि इस मामले में कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है और बदमाशों की तलाश में बड़े पैमाने पर अभियान चलाया जा रहा है।
पिता का बयान और परिवार की दहशत
इस हमले के बाद एल्विश यादव के पिता राम अवतार यादव ने मीडिया से बातचीत में बताया कि सुबह 5 से 6 बजे के बीच गोलीबारी हुई। उस समय सभी लोग सो रहे थे। उन्होंने कहा कि अनुमान है कि करीब 25 से 30 गोलियां चलाई गईं। इस घटना ने परिवार को गहरी दहशत में डाल दिया है।
पहले भी हुई थी ऐसी वारदात
गौरतलब है कि एल्विश यादव के घर पर फायरिंग से पहले हरियाणा के मशहूर गायक फाजिलपुरिया के घर पर भी गोलीबारी हो चुकी है। एक महीने में यह दूसरी बड़ी वारदात है। लगातार हो रही इन घटनाओं ने पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़े कर दिए हैं और इलाके के लोगों में डर का माहौल बना हुआ है।