व्यापार
Cochin Shipyard के शेयरों में अचानक उछाल! क्या भू-राजनीतिक तनावों ने दी नई उड़ान
Cochin Shipyard के शेयरों ने गुरुवार को जबरदस्त तेजी दिखाई। दोपहर करीब 3:20 बजे कंपनी का शेयर 13.19 प्रतिशत की बढ़त पर था। इसके बाद इसका शेयर भाव 2361.90 रुपये तक पहुंच गया। अंत में यह शेयर 2350.30 रुपये पर बंद हुआ जो 12.52 प्रतिशत की तेजी दर्शाता है। आज 1.5 करोड़ से ज्यादा शेयरों का कारोबार हुआ जो इसके 10-दिन के औसत का दोगुना है।
रक्षा क्षेत्र के शेयरों में जबरदस्त बढ़ोतरी
रक्षा क्षेत्र के शेयरों ने हाल के दिनों में जबरदस्त उछाल देखा है। पिछले एक महीने में इस क्षेत्र के शेयरों ने 50 प्रतिशत से अधिक की बढ़त दर्ज की है। विशेषज्ञों के मुताबिक, भू-राजनीतिक तनावों के बीच ऑर्डर्स की उम्मीद को लेकर कोचीन शिपयार्ड के शेयरों में तेजी आई है।
कोचीन शिपयार्ड की वित्तीय स्थिति
मनीकंट्रोल की खबर के अनुसार कंपनी का पी/ई अनुपात 66.35 पर ट्रेड कर रहा है। वित्त वर्ष 2025 की चौथी तिमाही में कंपनी का standalone नेट प्रॉफिट 285 करोड़ रुपये रहा जो पिछले साल के 265 करोड़ रुपये से करीब 8 प्रतिशत ज्यादा है। यह बेहतर मुनाफा कंपनी के शेयरों को मजबूती देता है।
रामा स्टील ट्यूब्स के शेयरों में भी उछाल
गुरुवार को रामा स्टील ट्यूब्स के शेयरों ने भी जबरदस्त परफॉर्मेंस दी। बीएसई सेंसेक्स पर इसका शेयर 13.21 रुपये पर बंद हुआ जो 12.91 प्रतिशत की तेजी दर्शाता है। कंपनी ने पीएम कुसुम योजना के तहत महाराष्ट्र में 225 मेगावाट सोलर प्रोजेक्ट में 10 प्रतिशत हिस्सेदारी ली है।
रामा स्टील ट्यूब्स की स्थिर कमाई के संकेत
इस सोलर प्रोजेक्ट के लिए एमएसईडीसीएल के साथ 25 साल की अवधि के लिए प्रति यूनिट 3.1 रुपये की दर पर पीपीए किया गया है। इससे कंपनी को स्थिर रिटर्न मिलेंगे। कंपनी का पिछले एक सप्ताह में 19.01 प्रतिशत, एक महीने में 32.40 प्रतिशत और तीन महीने में 32.86 प्रतिशत रिटर्न रहा है।