खेल
Australia VS West Indies: DRS या धोखा? वेस्टइंडीज कोच का दावा – थर्ड अंपायर से हो रही है नाइंसाफी
Australia VS West Indies: ऑस्ट्रेलिया और वेस्टइंडीज के बीच ब्रिजटाउन, बारबाडोस में खेले जा रहे पहले टेस्ट मैच में पहले दो दिन अंपायरिंग विवादों में घिर गए। कुल चार ऐसे फैसले सामने आए जिन पर सवाल खड़े हो गए हैं। खासतौर पर थर्ड अंपायर एड्रियन होल्डस्टॉक के निर्णयों ने वेस्टइंडीज टीम को काफी नुकसान पहुंचाया। इन गलत फैसलों की वजह से वेस्टइंडीज पहली पारी में बड़ी बढ़त लेने से चूक गई और टीम के हेड कोच डैरेन सैमी ने खुलेआम नाराज़गी जाहिर की।
ट्रैविस हेड को गलत ‘नॉट आउट’ मिलना बना पहला झटका
पहला विवादास्पद फैसला पहले दिन सामने आया जब ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज़ ट्रैविस हेड को शमार जोसेफ की गेंद पर विकेटकीपर शाई होप ने कैच किया। अल्ट्रा एज में साफ दिखा कि गेंद बल्ले से लगी थी और कैच भी साफ नजर आ रहा था। फिर भी थर्ड अंपायर ने ‘नॉट आउट’ करार दे दिया। विकेटकीपर शाई होप भले ही थोड़े संशय में थे पर रिप्ले में सब साफ दिख रहा था। इस फैसले ने वेस्टइंडीज के खेमे में खलबली मचा दी।
https://twitter.com/i/status/1937953612644409519
रॉस्टन चेज़ का उलझा मामला
दूसरे दिन दो बार कप्तान रॉस्टन चेज़ विवादित निर्णयों के शिकार बने। पहले ओवर में जब उनके पैड पर गेंद लगी तो थर्ड अंपायर ने कहा कि गेंद पहले बल्ले से लगी थी और उन्हें ‘नॉट आउट’ दिया गया। लेकिन जब 50वें ओवर में एक और एलबीडब्ल्यू में उन्हें आउट दिया गया, तब चेज़ ने रिव्यू लिया। अल्ट्रा एज में बल्ले से गेंद के संपर्क के संकेत मिले लेकिन अंपायर ने कहा कि बल्ले और गेंद के बीच अंतर है और उन्हें आउट दे दिया गया। कमेंटेटर इयान बिशप ने भी इस फैसले पर नाराज़गी जताई और कहा कि यह फैसला सही नहीं था।
https://twitter.com/i/status/1938310541237490107
शाई होप का कैच बना तीसरा मोड़
58वें ओवर में जब शाई होप शानदार लय में खेल रहे थे तभी ऑस्ट्रेलिया के एलेक्स कैरी ने उनका कैच लिया। मैदान पर अंपायर ने थर्ड अंपायर से पुष्टि मांगी और उन्होंने होप को आउट करार दिया। लेकिन रिप्ले में दिखा कि जब कैच लिया गया, तब गेंद जमीन को छू रही थी। यह फैसला भी वेस्टइंडीज के पक्ष में नहीं गया। इससे टीम की पहली पारी 190 रन पर सिमट गई जबकि ऑस्ट्रेलिया की पहली पारी 180 रन पर खत्म हुई थी।
https://twitter.com/i/status/1938318361232019656
डैरेन सैमी का फूटा गुस्सा
वेस्टइंडीज के हेड कोच डैरेन सैमी ने इन फैसलों के बाद नाराज़गी जताते हुए कहा कि आप नहीं चाहेंगे कि अंपायरिंग पर सवाल उठाने की नौबत आए लेकिन जब बार-बार ऐसे फैसले होते हैं तो सोचना पड़ता है। उन्होंने साफ कहा कि इन फैसलों ने मैच के रुख को प्रभावित किया है। दूसरे दिन के खेल के अंत तक ऑस्ट्रेलिया ने दूसरी पारी में 4 विकेट पर 92 रन बना लिए थे और 82 रन की बढ़त हासिल कर ली थी।