खेल
आर्यमन बिरला ने मानसिक स्वास्थ्य के कारण लिया क्रिकेट से संन्यास, जानिए पूरा सच
इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) की लोकप्रिय फ्रेंचाइजी रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (RCB) अब आर्यमन बिरला की देखरेख में होगी। उन्होंने हाल ही में इस टीम को 16,700 करोड़ रुपये से अधिक की कीमत देकर खरीद लिया है। आर्यमन पहले खुद इस लीग का हिस्सा रह चुके हैं और मध्य प्रदेश के लिए घरेलू क्रिकेट भी खेल चुके हैं। हालांकि, सिर्फ 22 साल की उम्र में उन्होंने क्रिकेट से संन्यास ले लिया था। अब RCB की कमान संभालते हुए वह IPL में एक नए भूमिका में नजर आएंगे।
22 साल की उम्र में क्रिकेट से लिया था संन्यास
आर्यमन बिरला ने 2019 में क्रिकेट को अलविदा कहा था। उनके इस फैसले के पीछे मेंटल हेल्थ की वजह थी। उन्होंने कहा था कि वह अपनी मानसिक सेहत को प्राथमिकता देना चाहते हैं और इसी कारण उन्होंने क्रिकेट से अनिश्चितकालीन ब्रेक लिया। उस समय कई लोगों के लिए यह चौंकाने वाला फैसला था क्योंकि 22 साल की उम्र में क्रिकेट करियर शुरू होने का समय माना जाता है। ब्रेक के बाद उन्होंने कभी मैदान पर वापसी नहीं की और धीरे-धीरे क्रिकेट से पूरी तरह दूर हो गए।
IPL में राजस्थान रॉयल्स के साथ शुरुआत
आर्यमन IPL में राजस्थान रॉयल्स का हिस्सा रह चुके हैं। IPL 2018 से पहले राजस्थान रॉयल्स ने उन्हें 30 लाख रुपये में खरीदा था। हालांकि, वहां उन्हें एक भी मुकाबला खेलने का मौका नहीं मिला। इसके पहले उन्होंने मध्य प्रदेश के लिए घरेलू क्रिकेट में डेब्यू किया था। साल 2017 में उन्होंने अपना फर्स्ट क्लास डेब्यू उड़ीसा के खिलाफ किया और साल 2018 में लिस्ट ए क्रिकेट में हैदराबाद के खिलाफ डेब्यू किया। इस दौरान उनके प्रदर्शन ने उन्हें युवा खिलाड़ियों में विशेष पहचान दिलाई।
घरेलू क्रिकेट में प्रदर्शन और आंकड़े
आर्यमन बिरला का घरेलू क्रिकेट करियर केवल दो साल का रहा। इस दौरान उन्होंने सिर्फ 9 फर्स्ट क्लास और 4 लिस्ट ए मैच खेले। फर्स्ट क्लास में उन्होंने 27.60 की औसत से 1 शतक और 1 अर्धशतक के साथ कुल 414 रन बनाए। वहीं लिस्ट ए में उनका प्रदर्शन कमज़ोर रहा और उन्होंने 12.00 की औसत से केवल 36 रन बनाए। हालांकि, अब वह क्रिकेट के मैदान से दूर होकर RCB के नए चेयरमैन के रूप में टीम की बागडोर संभालेंगे और फ्रेंचाइजी के विकास और रणनीति में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।