Tech
Airtel Outage: एयरटेल नेटवर्क ठप, देश के कई हिस्सों में मोबाइल डेटा और कॉल सेवाओं में अचानक बाधा
Airtel Outage: सोमवार को भारत के कई हिस्सों में एयरटेल यूजर्स को अचानक नेटवर्क डिस्टर्बेंस का सामना करना पड़ा। बड़ी संख्या में ग्राहकों ने मोबाइल डेटा और वॉइस कॉल सेवाओं के काम न करने की शिकायत की। आउटेज ट्रैकिंग वेबसाइट Downdetector के अनुसार, दोपहर 4:04 बजे तक एयरटेल की सेवाओं में गड़बड़ी के बारे में 2,300 से अधिक रिपोर्ट्स दर्ज की गईं। इस समस्या का असर केवल मोबाइल डेटा पर ही नहीं बल्कि वॉइस कॉल और SMS सेवाओं पर भी पड़ा।
कंपनी का बयान
एयरटेल ने इस पर प्रतिक्रिया देते हुए बयान जारी किया, “हम वर्तमान में नेटवर्क आउटेज की समस्या का सामना कर रहे हैं। हमारी टीम इसे जल्द से जल्द ठीक करने के लिए काम कर रही है। इसके कारण हुए असुविधा के लिए हम सच्चे दिल से क्षमा चाहते हैं।” कंपनी ने यह भी कहा कि तकनीकी टीम पूरी तरह से स्थिति को नियंत्रित करने में लगी हुई है और जल्द ही सेवाओं को सामान्य किया जाएगा।
ग्राहकों में गुस्सा
कई ग्राहकों ने सोशल मीडिया पर अपनी नाराजगी जताई। उन्होंने बताया कि कॉल और SMS लंबे समय तक प्रभावित रही, इसके अलावा 4G नेटवर्क पर डेटा कट की समस्या भी रही, जबकि उन्होंने 5G प्लान लिया हुआ था। इस पर लोग एयरटेल की नेटवर्क क्वालिटी और इन्फ्रास्ट्रक्चर पर सवाल उठा रहे हैं। इसके अलावा, यूजर्स को एयरटेल की अन्य सेवाओं का उपयोग करने में भी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। हालांकि कंपनी ने कहा कि समस्या को जल्द ठीक किया जाएगा, लेकिन ऐसे तकनीकी समस्याएं उपयोगकर्ताओं के लिए बहुत परेशानी का कारण बनती हैं और कभी-कभी आर्थिक नुकसान भी कर देती हैं।
भरोसेमंद सेवाओं की मांग
लगातार ऐसी तकनीकी समस्याओं ने ग्राहकों को निराश कर दिया है। अधिकांश यूजर्स का कहना है कि अब वे बेहतर और स्थिर नेटवर्क कनेक्टिविटी की उम्मीद रखते हैं ताकि भविष्य में ऐसी समस्याएं न हों। एयरटेल को यह सुनिश्चित करना चाहिए कि यूजर्स को भविष्य में ऐसी परेशानियों का सामना न करना पड़े। नेटवर्क इंफ्रास्ट्रक्चर को बेहतर बनाने और तकनीकी समस्याओं को समय पर हल करने के लिए कंपनी को गंभीर कदम उठाने होंगे।