व्यापार
70 लाख का फ्लैट या 1.20 करोड़ का बोझ? Home Loan चल रहा है तो ये जानना है ज़रूरी
Home Loan: अगर आप 70 लाख रुपये का फ्लैट खरीदते हैं और 60 लाख रुपये का होम लोन लेते हैं तो यह लोन चुकाने में आपको करीब 20 साल लग जाते हैं। इस दौरान आप हर महीने लगभग 50 हजार रुपये की ईएमआई देते हैं। कुल मिलाकर बैंक को आप 1.20 करोड़ से भी ज्यादा चुका देते हैं। जिसमें से करीब 60 लाख सिर्फ ब्याज होता है। यानी जितनी रकम आपने लोन ली थी उससे भी ज्यादा पैसा ब्याज में चला जाता है।
रेपो रेट घटे तो ईएमआई कम मत करें
अगर रिजर्व बैंक ने रेपो रेट घटा दिया है तो बैंक भी आपकी ईएमआई में थोड़ी राहत देगा। लेकिन अगर आप समझदारी दिखाना चाहते हैं तो बैंक से कहिए कि आपकी ईएमआई पहले जैसी ही रहे। ऐसा करने से आपका लोन जल्दी चुक जाएगा। इससे आप ब्याज में लाखों रुपये बचा सकते हैं।
लोन की समय सीमा घटाइए
अगर आपने लोन 20 साल के लिए लिया है तो कोशिश करें कि उसे 15 साल में ही खत्म कर दें। इसके लिए आप अपनी ईएमआई थोड़ी बढ़ा सकते हैं। मान लीजिए आपकी इनकम बढ़ रही है तो थोड़ी सी एक्स्ट्रा रकम हर महीने देने से बहुत बड़ा फर्क पड़ेगा। इससे ब्याज की बचत होगी और लोन जल्दी खत्म होगा।
अचानक मिले पैसे का इस्तेमाल करें
अगर आपको कहीं से बोनस मिले या आपकी सेविंग्स में से कुछ रकम अलग रखी हो तो उसका इस्तेमाल लोन की प्री-पेमेंट में करें। इस तरह की प्री-पेमेंट से आप न सिर्फ लोन की राशि घटाते हैं बल्कि समय से पहले लोन खत्म कर लेते हैं। इससे मानसिक बोझ भी कम होता है और ब्याज का खर्च भी।
समझदारी से घर खरीदें और पैसे बचाएं
कई लोग सोचते हैं कि घर लेना सिर्फ लोन लेना और किश्त भरना है लेकिन अगर आप कुछ छोटे कदम उठाएं तो लाखों रुपये बचा सकते हैं। समय से पहले भुगतान करें ईएमआई न घटाएं और लोन की अवधि कम रखें। इससे आपका घर सस्ता भी पड़ेगा और भविष्य सुरक्षित भी रहेगा।